11/09/2026
गत 8 सितंबर, 2026 को कॉलेज ऑफ़ वोकेशनल स्टडीज़ की राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा ‘कार्यालयी पत्राचार’ विषय पर हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में वक्ता के रूप में केंद्रीय हिंदी निदेशालय के सहायक निदेशक डॉ. दीपक पाण्डेय की उपस्थिति रही। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शिव कुमार सहदेव के सान्निध्य में, कार्यक्रम का आरंभ दीप-प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ किया गया। तदुपरांत अतिथि-स्वागत के उपरांत कार्यशाला का मुख्य सत्र आरंभ हुआ। दीपक जी ने पॉवर पॉइंट प्रस्तुति के साथ कार्यालयी पत्राचार के विविध रूपों एवं तकनीकी बारीकियों पर सविस्तार प्रकाश डाला। वक्तव्य के उपरांत प्रश्नोत्तर सत्र चला जिसमें उपस्थित श्रोताओं ने विषय से संबंधित अपनी जिज्ञासाएँ रखीं जिनका समाधान वक्ता महोदय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों सहित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंतिम भाग में राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा 2 सितंबर, 2026 को हिंदी माह के उपलक्ष्य में ग़ैर-शैक्षणिक कर्मचारियों हेतु आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा कर उन्हें पुरस्कृत किया गया। तत्पश्चात् राजभाषा कार्यान्वयन समिति के नोडल अधिकारी पीयूष कुमार दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग में सहायक आचार्य डॉ. कविता त्यागी ने किया।