11/05/2024
"हिंदी है हिंद की भाषा,
जन-जन की है ये अभिलाषा,
देश का गौरव, हम सबका मान,
हिंदी से ही हम सभी की शान।"
अपार हर्ष का विषय है की आज की पीढ़ी को मातृभाषा हिंदी का महत्त्व बताने तथा हिंदी भाषा में उनकी रूचि बढ़ाने के उद्देश्य से दिनांक 10-05-2024, शुक्रवार को संत निरंकारी पब्लिक विद्यालय, निरंकारी कॉलोनी, दिल्ली-110009 के प्रांगण में अंतर विद्यालयी 'नवसृजन हिंदी संगम-एक नई उड़ान' प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यातिथियों के रूप में संत निरंकारी मंडल से प्रचार विभाग की मेंबर इंचार्ज आदरणीया श्रीमती राजकुमारी जी ने शिरकत की तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ अपने आशीर्वचन से सभी को निहाल किया। 'नवसृजन-हिंदी संगम' प्रतियोगिताओं के अंतर्गत तीन अलग-अलग श्रेणियों में विभिन्न प्रतियोगिताएँ हुईं। तीनों ही श्रेणियों में आसपास व दूर-दराज से आए लगभग 20 विद्यालयों ने पूरी सक्रियता से सहभागिता की। प्रतियोगिताओं की समाप्ति पर निर्णायकगण ने अपना स्वविवेकी निष्पक्ष निर्णय दिया तथा विजेताओं की घोषणा की। सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र तथा स्मृति-चिह्न के रूप में स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए गए। आए हुए सभी अतिथि विद्यालयों के प्रतिनिधि शिक्षकों, मुख्यातिथियों व निर्णायकगण सहित सहभागी विद्यार्थियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की और भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन का आग्रह किया।