08/03/2019
मॉक टेस्ट की सीरिज / इस बार स्टूडेंट्स को मिलेगा जेईई एडवांस के मॉक टेस्ट देने का मौका
Dainik BhaskarMar 07, 2019, 12:52 PM IST
JEE Advance's Mock Test
एग्जाम पैटर्न पर आधारित है मॉक टेस्ट
भोपाल। छात्रों को जेईई एडवांस के पेपर पैटर्न से रूबरू कराने के लिए आईआईटी ने मॉक टेस्ट की सीरीज जारी की है। इससेे छात्रों को पेपर की मार्किंग स्कीम समझ आएगी। इसके अलावा इस साल जेईई में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को सवालों के काॅसेप्ट को भी समझ सकेंगे।
छात्र इस मॉक सीरीज से अपना टाइम मैनेजमेंट भी कर पाएंगे, जो कि उन्हें जेईई एडवांस के मेन एक्जाम में उपयोगी सिद्ध होगा। ये मॉक सीरीज जेईई एडवांस्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.jeeadv.ac.in पर जारी की गई है। यह टेस्ट उसी पैटर्न पर आधारित है, जिस पर छात्रों के लिए प्रवेश परीक्षा होनी है। इस बार जेईई एडवांस्ड का आयोजन 19 मई को होगा। आयोजन की जिम्मेदारी आईआईटी रूड़की को मिली है। जोन स्तर पर इसे आईआईटी कानपुर आयोजित कराएगा। प्रवेश परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 से 12 बजे होगी। इसके बाद दूसरी पाली दोपहर 2 से 5 बजे तक चलेगी। अभी परीक्षा केंद्रों की सूची जारी नहीं हुई है। जेईई एडवांस्ड लगातार दूसरे साल पूरी तरह से कम्प्यूटर बेस्ड होगी।
आवेदन की अंतिम तिथि आज : जेईई मेंस-2 के लिए भी आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 मार्च है। इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए जरूरी सूचना भी जारी कर दी है। छात्र-छात्राएं 11 मार्च से 15 मार्च के बीच अपने आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार कर सकते हैं। 20 मार्च तक छात्रों के लिए ई-एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। परीक्षा का आयोजन 7 से 20 अप्रैल तक बीच तक होगा। जेईई मेंस के परीक्षा का परिणाम 30 अप्रैल को जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद जेईई-मेन फेज-1 और फेज-2 का संयुक्त रूप से परिणाम और रैंक को जारी किया जाएगा।