23/04/2026
डॉ० ज़ाकिर हुसैन टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, लहेरियासराय, दरभंगा में ‘EduCraft: Teaching Learning Material Showcase – 2026’ प्रदर्शनी का आयोजन
डॉ० ज़ाकिर हुसैन टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में बी.एड. प्रथम वर्ष के छात्र-शिक्षकों तथा शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए टीचिंग लर्निंग मैटेरियल की प्रदर्शनी ‘EduCraft: Teaching Learning Material Showcase – 2026’ का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा। कार्यक्रम में 220 से अधिक शिक्षण मॉडलों की प्रस्तुति की गई, जो छात्रों की रचनात्मकता और नवाचार को दर्शाती है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन महाविद्यालय के सचिव डॉ० शारिक हुसैन ने किया। इस अवसर पर श्री अजय कुमार झा, ब्यूरो चीफ जन प्रवाद, श्री जाहिद अनवर, मैनेजिंग डायरेक्टर हिंद 24 टीवी तथा श्री विजय चंद्र पाठक, प्राचार्य +2 एम० एल० एकेडमी, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
श्री अजय कुमार झा ने कहा कि शिक्षक शिक्षा में व्यवहारिक कार्यों का विशेष महत्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षण सामग्री के माध्यम से जटिल विषयों को सरल बनाया जा सकता है और विद्यार्थियों की समझ को गहराई मिलती है।
श्री विजय चंद्र पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रभावी शिक्षण के लिए शिक्षण सामग्री का निर्माण और उसका उचित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। इससे कक्षा शिक्षण अधिक रुचिकर और सार्थक बनता है।
श्री जाहिद अनवर ने कहा कि शिक्षा में रचनात्मक दृष्टिकोण विद्यार्थियों के समग्र विकास को सुनिश्चित करता है। उन्होंने छात्र-शिक्षकों को समाज के प्रति उत्तरदायी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
एकेडमिक इंचार्ज डॉ० मो० इम्बेसातुल हक ने बताया कि छात्रों ने अनुशासित ढंग से कड़ी मेहनत कर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने इसे शिक्षक निर्माण की प्रक्रिया का एक सशक्त माध्यम बताया। महाविद्यालय प्रत्येक वर्ष इस प्रकार की प्रदर्शनी का आयोजन करता है।
महाविद्यालय के सचिव डॉ० शारिक हुसैन ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी छात्रों के अंदर रचनात्मकता, नवाचार और शिक्षण कौशल को विकसित करती है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय शैक्षिक परिप्रेक्ष्य में अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
महाविद्यालय के प्रशासकीय पदाधिकारी प्रो० अबसारूल हक ने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षा और समाज के बीच संवाद को मजबूत करते हैं। इससे शिक्षा की उपयोगिता और प्रभावशीलता में वृद्धि होती है।
ल० न० मि० विश्वविद्यालय, दरभंगा के शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो० आफाक़ हाशमी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति को सुदृढ़ करते हैं और छात्रों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।
प्रदर्शनी में रवि रोशन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सबा नूर, विमलेश कुमार तथा शाफिया ज़की संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। प्रियंका कुमारी, सादिया बिसात तथा गुंजन अग्रवाल संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त निकहत परवीन, इमरान हाशमी, रूमी परवीन, खुशी कुमारी, मो० उमर शरीफ, श्रुति सिंह, सितारा परवीन, जीनत शम्श, मुस्कान नाज तथा स्मृति प्रियदर्शी को उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में श्री इरतज़ा अहमद ने अतिथियों का स्वागत किया तथा श्री विनय कुमार भगत ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन श्री अरमान आलम और श्रीमती किरण कुमारी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।