17/10/2024
एच०डी० पब्लिक स्कूल बिरोहड में हुआ अभिभावक-अध्यापक मिलन समारोह
एच०डी० पब्लिक स्कूल बिरोहड़ में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर अभिभावक, अध्यापक मिलन समारोह आयोजित किया गया। जिसमें लगभग 80 प्रतिशत से अधिक अभिभावकों ने अपने बच्चों की अर्धवार्षिक परीक्षा की रिपोर्ट ली और अध्यापकवृन्द के साथ अपने बच्चे के सर्वांगीण विकास हेतु खुलकर संवाद किया। विद्यालय प्राचार्या नमिता दास की अध्यक्षता में आयोजित अभिभावक-अध्यापक मिलन समारोह में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकगण भी बड़े जिज्ञासु नजर आए। कक्षाध्यापकों द्वारा अभिभावकों को अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम से अवगत कराया गया। इस मौके पर निदेशक महोदय बलराज फौगाट ने अभिभावकगण से वार्तालाप करते हुए बताया कि आज के बदलते परिवेश में बच्चों पर 24 घंटे नजर रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। अपने बच्चों को मोबाइल व टेलिविजन से दूर रखें। उन्हें हर समय किसी न किसी कार्य में व्यस्त रखें। नैतिक मूल्यों का पतन और घटते संस्कार आज हम सभी के लिए चिंतनीय विषय बन चुके हैं। बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार रखकर उनके मन की बात जानें। उन्हें समय-समय पर समझाना चाहिए और जरुरत पड़े तो डाँटना भी चाहिए। आधुनिक दौर में बच्चे को अनुशासित, संस्कारी व मानवीय मूल्यों से परिपूर्ण बनाना अभिभावकों व अध्यापकवृन्द दोनों के सामूहिक प्रयास से ही संभव है। विद्यालय प्रबंधन समीति रमेश गुलिया, बलजीत नेहरा एवं सुरेन्द्र फौगाट ने अभिभावकों के स्कूल प्रांगण में पहुंचने पर तहेदिल से आभार व्यक्त किया और उन्हें समय-समय पर अपने बच्चों की शैक्षणिक जानकारी लेने के लिए विद्यालय आने का आग्रह किया। अभिभावकों ने भी इस आयोजन के लिए स्कुल मैनेजमेंट का आभार व्यक्त किया और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किये जा रहे प्रयासों और स्कूल की प्रंशसा की। उपप्राचार्य नवीन सनसनवाल, समन्वयक सीमा मलिक, कविता जांगड़ा, मुक्ता रानी, पूजा शर्मा व सभी स्टाफ सदस्यों का योगदान काफी सराहनीय व बधाई के योग्य रहा।