28/05/2025
बिहारशरीफ में शिक्षक की हैवानियत: छात्र को गालियां देकर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल
बिहारशरीफ के धनेश्वर घाट स्थित Big Data Physics Classes से एक चौंकाने वाली और बेहद निंदनीय घटना सामने आई है, जहां एक निजी कोचिंग संस्थान में शिक्षक द्वारा एक छात्र की बर्बरता से पिटाई की गई। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शिक्षक छात्र को गंदी-गंदी गालियां देता है और उसे लाठी से बेरहमी से पीटता है, जिससे छात्र घायल हो गया।
इस घटना ने शिक्षा जगत को शर्मसार कर दिया है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना क्लास के अंदर हुई, जहां अन्य छात्र भी मौजूद थे, मगर कोई भी छात्र शिक्षक के डर के चलते विरोध नहीं कर सका।
पीड़ित छात्र और उसके परिजनों में भय और आक्रोश है। वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है और सोशल मीडिया पर इस शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। इस मामले में ज़िला प्रशासन, नालंदा और बिहार पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। जनता की सुरक्षा और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह ज़रूरी है कि ऐसे शिक्षकों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई न जाएं।