08/11/2025
जैसलमेर कांग्रेस में नया समीकरण तय,अमरदीन फकीर का नाम लगभग फाइनल, बाड़मेर से लक्ष्मण गोदारा की सिफारिश दिल्ली तक पहुंची
बसीर ईटादा
राजस्थान कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल की आहट के बीच जैसलमेर और बाड़मेर जिले में नए जिलाध्यक्षों को लेकर अंदरखाने गहमागहमी तेज हो गई है। विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जैसलमेर में कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष के रूप में अमरदीन फकीर का बनना लगभग तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व ने इस नाम पर अपनी सहमति जता दी है और अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है।
उधर, बाड़मेर जिले में भी हरीश चौधरी खेमा अपने पसंदीदा चेहरों को संगठन में मजबूत स्थिति दिलाने में जुटा हुआ है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार पूर्व मंत्री हरीश चौधरी अपने गुट के सक्रिय कार्यकर्ता लक्ष्मण गोदारा को बाड़मेर जिलाध्यक्ष बनवाने की कोशिशों में हैं। वहीं, कांग्रेस के भीतर दूसरे गुट की ओर से गफूर अहमद का नाम आगे बढ़ाया जा रहा है। यह अंदरूनी खींचतान अब दिल्ली तक पहुंच चुकी है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि दोनों जिलों बाड़मेर और जैसलमेर में एक साथ मुस्लिम चेहरा अध्यक्ष नहीं बनाया जा सकता, इसलिए संतुलन साधने की कवायद में हरीश चौधरी ने खुद बाड़मेर से लक्ष्मण गोदारा और जैसलमेर से अमरदीन फकीर के नामों की सिफारिश दिल्ली हाईकमान को भेजी है।
जानकारों के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व पश्चिमी राजस्थान में जातीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए ही यह फैसला लेने की तैयारी में है।
इस बीच, जैसलमेर कांग्रेस में दो अलग-अलग गुटों की सक्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। एक गुट अमरदीन फकीर के साथ दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे गुट में मुराद फकीर, अंजना मेघवाल और वर्तमान जिलाध्यक्ष उम्मेदसिंह तंवर के नामों की चर्चा है।हालांकि, पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि अमरदीन फकीर के नाम पर लगभग अंतिम मुहर लग चुकी है और अब केवल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
कांग्रेस के अंदर चल रही यह उठापटक बताती है कि संगठन नए सिरे से पश्चिमी राजस्थान में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है।
विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कभी भी हो सकती है, और अगर सब कुछ तय योजना के अनुसार चला, तो जैसलमेर में अमरदीन फकीर की ताजपोशी लगभग तय मानी जा रही है।
#अमरदीनफकीर #लक्ष्मणसिंहगोदारा