01/05/2022
*विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा में महसी के छात्रों ने बजाया डंका*
10 अप्रैल को प्रदेश भर में आयोजित की गई "विद्या ज्ञान" प्रवेश परीक्षा के प्रथम चरण में जनपद बहराइच के शिक्षा क्षेत्र महसी के प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले अनेक बच्चों ने परीक्षा पास कर महसी का मान बढ़ाया है। यह जानकारी देते हुए पूरन लाल चौधरी ने बताया कि विद्याज्ञान स्कूल में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को एक कठिन परीक्षा से निकलना होता है। चयन हेतु अनूठी ‘प्रतिभा खोज प्रक्रिया’ निर्धारित है जिसमें प्रथम चरण में, उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र के आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के कक्षा 5 में अध्ययनरत लगभग 5 लाख विद्यार्थियों के समूह में से सर्वोच्च अंक प्राप्त श्रेष्ठ बालिकाओं एवं बालकों को अभिज्ञात करती है। द्वितीय चरण में ऐसे अभिज्ञात सर्वोच्च अंक प्राप्त श्रेष्ठ विद्यार्थियों में से उत्कृष्ट सर्वोच्च अंक प्राप्त मेधावी बालिकाओं एवं बालकों का चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से होता है जो शीर्ष से प्रारम्भ होकर आधार तक एक आदर्श पिरामिड प्रस्तुत करता है। विद्याज्ञान द्वारा संचालित प्रवेश परीक्षा के परिणाम के आधार पर चयन प्रक्रिया निर्धारित है चयन प्रक्रिया में दोनों लिगों को समान प्रतिनिधित्व का अवसर प्रदान किया जाता हैं। विद्यार्थी को प्रारम्भिक तथा अंतिम परीक्षा का सामना करना होता है।
उच्चतम अंक प्राप्त करने तथा भौतिक सत्यापन के उपरान्त, 300 विद्यार्थियों को विद्याज्ञान में प्रवेश प्राप्त होता है। जहां उनके पढ़ने लिखने रहने खाने-पीने आदि की पूरी व्यवस्था सरकार स्वयं करती है। 10 अप्रैल को आयोजित की गई प्रथम चरण की इस परीक्षा में शिक्षा क्षेत्र महसी के प्राथमिक विद्यालय लोधपुरवा के छात्र अम्बर तिवारी, प्राथमिक विद्यालय मुन्नीलाल पुरवा के आदर्श, प्राथमिक विद्यालय गौरिया पिपरी के देवांश, संविलियन विद्यालय मुकेरिया के आशीष कुमार मौर्य आदि बच्चों ने अच्छे अंको से परीक्षा पास कर द्वितीय चरण में स्थान बनाया है जिससे इनके परिवारों में खुशी का माहौल है एवं बच्चों को बहुत सारी शुभकामनाएं मिल रही हैं। खण्ड शिक्षा अधिकारी राम तिलक वर्मा ने सभी बच्चों एवं विद्यालयों के शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही पूरन लाल चौधरी, विशाल गांधी, पंच लाल यादव, अमित वर्मा, चंद्रेश पांडे, वीरेंद्र ओझा, ध्रुव मिश्रा, ललित कुमार, विजेंद्र मिश्रा, विपिन श्रीवास्तव, प्रकाश लखवानी, शबनम बेगम, आशीष श्रीवास्तव, संजय वर्मा, गुलाब सिंह, प्रदीप पांडे, शिवाकांत यादव, रोहित मिश्रा, शशांक बाजपेई, अंशुल, विमलेश आदि ने बच्चों की उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं द्वितीय चरण में परीक्षा पास कर विद्याज्ञान स्कूल में प्रवेश पाने की शुभकामनाएं दी हैं।