28/04/2023
माध्यमिक शिक्षा परिषद उ0प्र0 की इन्टरमीडिएट परीक्षा 2023 के आये परिणाम में विद्यालय की विज्ञान वर्ग की छात्रा प्रतिभा यादव ने प्रदेश के टाप 10 की सूची में स्थान बनाकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। गणित वर्ग की इस छात्रा ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 09 वीं रैंक हासिल की है। विद्यालय के प्रबन्धक डॉ शैलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र व प्रधानाचार्य डॉ रामकृष्ण मिश्र ने छात्रा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय का हाईस्कूल और इन्टरमीडिएट का परीक्षाफल भी उत्तम श्रेणी का रहा। विद्यालय की छात्रा प्रतिभा यादव ने कुल 479 अंक प्राप्त किये है, उसने हिन्दी में- 96 अंग्रेजी में 93 गणित में- 96 भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान में 97 97 अंक प्राप्त किये है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में शामिल गांव माझा बरेहटा की निवासी छात्रा प्रतिभा यादव ने ग्रामीण क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए एक नया कीर्तिमान बनाया है। छात्रा के पिता श्री धर्मेन्द्र प्रताप यादव एनटी०पी०सी० टान्डा में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। छात्रा की माता श्रीमती पुष्पा यादव गृहणी है। छात्रा ने बताया कि वह आई0आई0टी0 से इंजीनियरिंग करना चाहती है।
विद्यालय का परीक्षाफल नया कीर्तिमान बनाने वाला रहा है। हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय के छात्र शिवम जायसवाल ने 92.83 प्रतिशत, अमन प्रताप सिंह ने 92.5 प्रतिशत और प्रांजल पाठक ने 91.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। इस अवसर पर प्रदेश की टाप 10 सूची में आने वाली छात्रा प्रतिभा यादव का विद्यालय में स्वागत और अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य परमात्मा प्रसाद पान्डेय, वरिष्ठ प्रवक्ता देवेन्द्र कुमार पान्डेय, जय शंकर त्रिपाठी, दीपक मिश्र, अनिल रावत, अर्चना पान्डेय, अनिल पान्डेय, कार्यालय अधीक्षक कमला प्रसाद मिश्र, प्रज्ञा पान्डेय, वैष्णवी पान्डेय आदि उपस्थिति रहे। सभी ने छात्रा के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य व अयोध्या राज परिवार के मुखिया राजा बिमलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र तथा विद्यालय के प्रबन्धक डॉ शैलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र ने परीक्षा में सफल सभी छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय के शिक्षकों को अच्छे परिणाम के लिए बधाई दी।