20/09/2025
बालमित्र योजना के तहत गुरुकुल एकेडमी के विद्यार्थियों का अमरपाटन थाना भ्रमण
अमरपाटन। समाज में कानून और अनुशासन के प्रति बच्चों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से गुरुकुल एकेडमी हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने बालमित्र योजना के अंतर्गत अमरपाटन थाने का शैक्षिक भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी ने बच्चों का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण की प्रक्रिया तथा समाज में पुलिस की महत्त्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि पुलिस केवल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई ही नहीं करती, बल्कि समाज की सुरक्षा और नागरिकों की सहायता के लिए भी हमेशा तत्पर रहती है।
विद्यालय के डायरेक्टर नियामत सिद्दीकी, प्राचार्य संध्या पटेल, प्रधानाध्यापक सुधीर शुक्ला तथा वरिष्ठ शिक्षक वरुण त्रिपाठी के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों ने थाना परिसर का अवलोकन किया। छात्रों को अपराधों की जांच, रिकॉर्ड संधारण, थाने की कार्यप्रणाली और पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अपने सवाल पूछकर जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
विद्यार्थियों ने थाना प्रभारी को उनके सेवा-भाव और समाजहितकारी कार्यों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए एक सुंदर चित्र स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किया। इस भावपूर्ण क्षण ने न केवल बच्चों को उत्साहित किया बल्कि पुलिस और समाज के बीच आपसी सहयोग और विश्वास को भी मजबूत किया।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण से विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा जागृत होती है। यह पहल आने वाली पीढ़ी को संवेदनशील, सजग और समाजोपयोगी बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।