09/11/2025
यंग उत्तराखण्ड द्वारा कैरियर गाइडेंस एवं फ्री मेडिकल कैम्प का आयोजन
===============================
यंग उत्तराखण्ड संस्था 14-15 नवम्बर 2025 को राजकीय इंटर कॉलेज, मानिला (अल्मोड़ा), उत्तराखण्ड में दो दिवसीय कैरियर गाइडेंस एवं फ्री मेडिकल कैम्प का आयोजन करने जा रही है।
प्रथम दिवस (14 नवम्बर) को राजकीय विद्यालय मानिला में कैरियर गाइडेंस कैम्प का आयोजन किया जायेगा, जिसमें स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में AI (Artificial Intelligence) जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जायेगी। साथ ही फोटोग्राफी, भारतीय सैन्य प्रशिक्षण, तथा स्टार्टअप्स जैसे रोजगारपरक विषयों पर भी प्रशिक्षित विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जायेगा।
इस कैरियर गाइडेंस कैम्प के लिए यंग उत्तराखण्ड के साथ दिल्ली से आईटी प्रोफेशनल्स, सैन्य जगत तथा कॉरपोरेट जगत के कई अनुभवी एक्सपर्ट्स आयेंगे, जो छात्र-छात्राओं को उनके कैरियर काउंसलिंग में सहयोग करेंगे और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे।
द्वितीय दिवस (15 नवम्बर) को मानिला इंटर कॉलेज में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जायेगा, जिसमें स्वास्थ्य संबंधी कई प्रकार की जाँचें — जैसे ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट, थायरॉइड टेस्ट, नेत्र परीक्षण (मोतियाबिंद आदि) — की जाएँगी। साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श, चश्मों एवं दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा।
यंग उत्तराखण्ड संस्था पिछले कई वर्षों से अपने सामाजिक प्रकल्पों के तहत उत्तराखण्ड के सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक उन्नयन के लिए लगातार कार्यरत रही है। संस्था द्वारा समय-समय पर राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में निशुल्क चिकित्सा शिविरों एवं कैरियर गाइडेंस कैम्पों का आयोजन किया जाता रहा है।
धन्यवाद
टीम यंग उत्तराखण्ड