15/09/2025
केंद्रीय विद्यालय संगठन (के.वी.एस.), अहमदाबाद संभाग द्वारा 54वीं के.वी.एस. राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता – 2025 के अंतर्गत कुमार शतरंज प्रतियोगिता (U-17 एवं U-19) का भव्य उद्घाटन समारोह 15 सितम्बर, प्रातः 8:00 बजे के.वी. ओ.एन.जी.सी., चांदखेड़ा, अहमदाबाद में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्री सोमित श्रीवास्तव, संयुक्त आयुक्त (पर्सनल), के.वी.एस. मुख्यालय, नई दिल्ली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं श्री धर्मेन्द्र पटले, उप आयुक्त, के.वी.एस. अहमदाबाद संभाग सम्माननीय अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में स्वागत गीत, आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही आकाश में गुब्बारे उड़ाने का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अपने संबोधन में श्री सोमित श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए शतरंज जैसी खेलों के माध्यम से निरंतर प्रयासरत रहें। श्री धर्मेन्द्र पटले ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि अधिक से अधिक खिलाड़ी स्कूल गेम्स फेडरेशन में प्रवेश पाएँ और राष्ट्रीय स्तर पर केन्द्रीय विद्यालय का नाम रोशन करें।
इस राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में पूरे भारतवर्ष के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता 19 सितम्बर तक आयोजित होगी, जो विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीम स्पिरिट के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस सफल आयोजन में आयोजन स्थल के प्राचार्य श्री अशोक कुमार,उपप्राचार्य श्रीमती उमा शर्मा एवं मुख्य अध्यापिका श्रीमती सुष्मिता महंती तथा शिक्षकगण का विशेष सहयोग रहा।