23/03/2025
उच्च प्राथमिक विद्यालय फजियतपुरा (कंपोजिट) खेरागढ़ आगरा में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव
खेरागढ़। खेरागढ़ के कंपोजिट विद्यालय फजियतपुरा में वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत खेरागढ़ विधायक माननीय भगवान सिंह कुशवाह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ की। बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम में रंग भर दिया।कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों के नृत्य ने दर्शकों को तालियां बजाने के लिए मजबूर कर दिया। पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटक ने सभी को जागरूक किया, वहीं "मैं बरसाने की छोरी" गीतों पर बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब "पर्यावरण बचाओ" मूक नाटक प्रस्तुत किया गया। इस नाटक ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीरता से सोचने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर विधायक जी ने सभी बच्चों को सफलता की पांच सूत्र दिए और राष्ट्रीय आय एवं छात्रवृत्ति परीक्षा 2024-25 में विद्यालय के सफल छात्र नैतिक पुत्र श्री गुड्डू सिंह और सतेंद्र सिंह पुत्र श्री केदार सिंह को उपहार स्वरूप बैग एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा बालिकाओं को शिक्षित करने के लिए सभी ग्रामवासियों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक भूपेंद्र कुमार, मनोज कुमार शर्मा, यतेंद्र कुमार गुप्ता, मोती राम, विवेक प्रताप, वंदना कुमारी एवं विष्णु कुमार जी ने सभी उपस्थित शिक्षक साथियों को सम्मानित कर आभार व्यक्त किया। साथ ही सुरेश सोलंकी,शिक्षक संघ के अध्यक्ष सूरज शर्मा,मंत्री रंजीत चाहर,सत्यपाल सिंह,सतीश सिकरवार,प्रमोद राजपूत, एआरपी तेजेन्द्र सिंह, उमेश गर्ग, सौरभ शर्मा, मनमोहन सोलंकी, नेत्रपाल चाहर,राजकुमार शर्मा,पूनम शर्मा , अमित कुमार दीक्षित, सुनील कुमार,आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
विद्यालय के वार्षिक उत्सव का यह आयोजन अत्यंत सफल रहा और अंत में विद्यालय परिवार की ओर से विधायक जी को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया । उन्होंने विद्यालय में एक अशोक का पौधा भी रोपित किया। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।