05/08/2026
*🌈बॉम्बे इंस्टिट्यूट की छात्रा शरणदीप कौर बनी वकील, अब जज बनने का सपना*
*👉शिक्षा ही आपके घर की गरीबी दूर करेगी/गगन चुघ*
*👉250 बेटियां कर रहीं नि:शुल्क वकालत की पढ़ाई, 4000 युवतियां विभिन्न कोर्सों की ट्रेनिंग लेकर बनीं आत्मनिर्भर*
अबोहर। युवतियों को नि:शुल्क शिक्षा एवं विभिन्न व्यावसायिक कोर्सों की ट्रेनिंग देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रहे अबोहर के बॉम्बे इंस्टिट्यूट की एक और छात्रा ने बड़ी सफलता हासिल की है। बॉम्बे इंस्टिट्यूट की छात्रा शरणदीप कौर अब वकील बन गई हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में आर्यन कॉलेज, राजपुरा में बीएएलएलबी में दाखिला लिया था और वर्ष 2026 में अपनी पढ़ाई पूरी की।
वकालत की पढ़ाई पूरी करने के बाद शरणदीप कौर ने पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट बार काउंसिल से लाइसेंस प्राप्त किया और अबोहर पहुंचकर बॉम्बे इंस्टिट्यूट के संचालक गगन चुघ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गगन चुघ के सहयोग और मार्गदर्शन की बदौलत ही वह अपनी वकालत की पढ़ाई पूरी कर सकीं।
*👉आर्यन कॉलेज के चेयरमैन का जताया आभार*
बॉम्बे इंस्टिट्यूट के संचालक गगन चुघ ने बताया कि शरणदीप कौर की वकालत की पढ़ाई पूरी कराने में आर्यन कॉलेज के चेयरमैन डॉ. अंशु कटारिया की भी अहम भूमिका रही। उन्होंने डॉ. अंशु कटारिया का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
शरणदीप के बॉम्बे इंस्टिट्यूट पहुंचने पर गगन चुघ ने उनका स्वागत करते हुए उनकी सफलता पर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
*👉मेरा सपना जज बनने का है—शरणदीप कौर*
इस अवसर पर शरणदीप कौर ने कहा कि वकील बनने के बाद उनका अगला लक्ष्य जज बनना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ने उन्हें अपने सपनों को पूरा करने का अवसर दिया है और वह आगे भी मेहनत करके अपने लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करेंगी।
*👉250 बेटियां कर रहीं नि:शुल्क वकालत की पढ़ाई*
गगन चुघ ने बताया कि बॉम्बे इंस्टिट्यूट द्वारा बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार वर्तमान में 250 लड़कियां नि:शुल्क वकालत की पढ़ाई कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि ‘बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत अब तक करीब 4000 लड़कियां कंप्यूटर, सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर और इंग्लिश स्पीकिंग सहित विभिन्न कोर्सों की नि:शुल्क ट्रेनिंग लेकर आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।
*💥बिना सरकारी या गैर-सरकारी सहायता के चल रहे कोर्स*
गगन चुघ ने कहा कि बॉम्बे इंस्टिट्यूट की ओर से करवाए जा रहे ये सभी कोर्स बिना किसी सरकारी अथवा गैर-सरकारी सहायता के संचालित किए जा रहे हैं। संस्थान का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को शिक्षा और हुनर प्रदान कर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना है।
उन्होंने कहा, “शिक्षा ही आपके घर की गरीबी दूर करेगी।” जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को नि:शुल्क शिक्षा देकर आत्मनिर्भर बनाने का अभियान बॉम्बे इंस्टिट्यूट की स्थापना से ही जारी है और भविष्य में भी इसे निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर शरणदीप कौर की माता गुरविंदर कौर, हरविंदर सिंह, अर्शदीप कौर और शकुंतला देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।