16/01/2026
*सेवानिवृत्त सैनिकों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में नया कदम, ब्यावर में CMA–CAT प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम प्रारंभ*
ब्यावर। देश की तीनों सशस्त्र सेनाओं—थल सेना, नौसेना एवं वायु सेना से सेवानिवृत्त शीघ्र सेवानिवृत्त होने वाले सैनिकों के लिए इंस्टिट्यूट ऑफ कास्ट अकाउंटेंटस ऑफ इंडिया के द्वारा सर्टिफिकेट इन अकाउंटिंग टेक्नीशियन (CAT) पाठ्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह पाठ्यक्रम सेवानिवृत्त सैनिकों के भविष्य को सशक्त एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर सूर्यमहल होटल में ब्यावर चेप्टर द्वारा इस कोर्स का शुभारंभ किया गया। चेयरमैन अंकुर सिंहल ने बताया कि ब्यावर शहर में नृसिंह अग्रसेन जैन विधापीठ में इस बैच की कक्षाएं चलाई जा रही हैं। आज एयरफोर्स में कैप्टन प्रियांशु शर्मा, सीएमए के सेंट्रल काउंसिल सदस्य एवं केट कोर्स कमिटी के चेयरमैन राजेंद्र सिंह भाटी, जॉइंट डायरेक्टर राजेश जैन की उपस्थिति में इस कोर्स का शुभारंभ किया गया।
कैप्टन प्रियांश शर्मा ने रक्षा विभाग द्वारा सीएमए इंस्टीट्यूट के साथ बनाये गए कैट कोर्स से सभी अभ्यर्थियों को अवगत करवाया। राजेंद्र सिंह भाटी ने सभी अभ्यर्थियों को रिटायरमेंट के बाद फाइनेंस एवं अकाउंट सेक्टर में अपना भविष्य बनाने की सोच रहे अभ्यर्थियों को इस कोर्स की महत्वत्ता को बताया। राजेश जैन ने इस कोर्स के बाद प्लेसमेंट की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
ब्यावर शहर के सीएमए चैप्टर में अब तक 45 सैनिकों का पंजीकरण हो चुका है। यह एक नियमित पाठ्यक्रम होगा, जिसकी अवधि चार माह रहेगी। पाठ्यक्रम पूर्ण करने के उपरांत सेवानिवृत्त सैनिक बैंक, निजी संस्थानों में लेखाकार के रूप में कार्य कर सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी स्वयं का स्वतंत्र प्रैक्टिस भी प्रारंभ कर सकते हैं।
इस पाठ्यक्रम में केवल सेना से संबंधित कार्मिकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के विभिन्न चैप्टरों के माध्यम से, रक्षा मंत्रालय के साथ किए गए समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत देश के विभिन्न शहरों में संचालित किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए रुपेश कोठारी ने बताया कि यह पहल सेवानिवृत्त सैनिकों को व्यावसायिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
मंच का संचालन ज्योति माहेश्वरी ने किया।
इस अवसर पर ब्यावर से सीएमए फाउंडेशन कोर्स में रेंक लाने वाले विद्यार्थियों का स्वागत भी किया गया।
इस अवसर पर चेयरमैन अंकुर सिंहल, सचिव शुभम सांखला, वाइस चेयरमैन कमलेश सांखला, पूर्व चेयरमैन मितेश चौपड़ा, चिन्मय माहेश्वरी आदि उपस्थित रहे।