02/05/2026
तीसा 1 पंचायत: युवा उम्मीदवार केतन मधारिया ने पेश की दावेदारी, जनता से समर्थन की अपील
चुराह उपमंडल की तीसा 1 पंचायत में प्रधान पद के लिए युवा उम्मीदवार केतन मधारिया ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए क्षेत्रवासियों से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की है। उन्होंने पंचायत के समग्र विकास को अपना मुख्य लक्ष्य बताते हुए आधुनिक शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सड़क सुधार, स्वच्छ पेयजल, युवाओं के लिए रोजगार तथा कृषि उन्नति को प्राथमिकता देने की बात कही।
केतन मधारिया की खास बात यह है कि मात्र 33 वर्ष की आयु में उनके पास लगभग 10 वर्षों का मैनेजमेंट अनुभव है। वे Airtel और Jio जैसी बड़ी कंपनियों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने टीम मैनेजमेंट, प्रभावी निर्णय लेने और बेहतर परिणाम देने की क्षमता का परिचय दिया।
कॉर्पोरेट क्षेत्र में अपने अनुभव के आधार पर वे अब पंचायत स्तर पर विकास की नई सोच और कार्यशैली लाने का संकल्प लेकर मैदान में उतरे हैं। उनका मानना है कि युवा सोच और मजबूत नेतृत्व के दम पर पंचायत को विकास की नई दिशा दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि यदि जनता का सहयोग मिला, तो वे पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच से पंचायत में बदलाव संभव है।