08/08/2026
रायपुररानी से दिल्ली तक शिक्षकों की हुंकार, 30 अगस्त को जंतर-मंतर पर होगा बड़ा प्रदर्शन
टीईटी की अनिवार्यता, अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण और लंबित मामलों को लेकर सरकार के खिलाफ बनी रणनीति
रायपुररानी, 7 अगस्त। देवेन्द्र सिंह
डेमोक्रेटिक स्कूल टीचर एसोसिएशन की जिला पंचकूला इकाई के खंड रायपुररानी की बैठक में शिक्षकों ने विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर की। बैठक में वर्ष 2009 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई गई। साथ ही 30 अगस्त को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले राष्ट्रीय शिक्षक प्रदर्शन में हरियाणा से बड़ी संख्या में शामिल होने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए राज्य ऑडिटर सुनील गोयल ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों पर नई शर्तें लागू करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने सरकार से अतिथि अध्यापकों का नियमितीकरण, शिक्षकों के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा और ट्रांसफर नीति में आवश्यक संशोधन करने की मांग की। जबकि खंड सचिव सुरेश कुमार ने कहा कि एसीपी, एलटीसी, सीसीएल, जीपीएफ और मेडिकल बिलों में अनावश्यक देरी से शिक्षकों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
बैठक में राज्य सोशल मीडिया सचिव रविन्द्र कुमार, कोषाध्यक्ष नरेन्द्रपाल, संगठन सचिव विपिन शर्मा, गुरनाम सिंह, विजय कुमार, संजय कुमार, अवतार सिंह, मनदीप, कुलवीर आर्य, मनोज कुमार, कमल वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।