04/07/2026
स्लम के बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा दे रहे प्रीति और प्रदीप को मेडिकल सर्विस सेंटर ने किया सम्मानित 🏆
स्लम की बदबूदार गलियों जहां लोग देखना तक पसंद नहीं करते, जहां अनेक बच्चे शिक्षा से वंचित हैं, वहीं प्रदीप और प्रीति जैसे युवा समाज में बदलाव की एक नई मिसाल पेश कर रहे हैं। दोनों प्रतिदिन लगभग 2–3 घंटे स्लम बस्ती में जाकर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने के लिए निस्वार्थ भाव से लगे हैं। उनका उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे के सपनों और शिक्षा के रास्ते में बाधा न बने।
स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता गतिविधियों के दौरान MSC की टीम ने देखा कि प्रदीप और प्रीति सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दे रहे हैं। शिक्षण कार्य में व्हाइट बोर्ड की आवश्यकता महसूस होने पर, प्रदीप और प्रीति के प्रयास को प्रोत्साहित करने के लिए मेडिकल सर्विस सेंटर (MSC) रोहतक इकाई ने शिक्षण कार्य के लिए आवश्यक व्हाइट बोर्ड उपलब्ध कराया। साथ ही दोनों के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर डॉ. विवेक मलिक, डॉ. पूनम, अंकुश, शुभम, लोकेश, नितेश एवं नैन्सी उपस्थित रहे। सभी ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य एक-दूसरे के साथी हैं तथा समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब सेवा, शिक्षा और जागरूकता साथ-साथ आगे बढ़ें।
मेडिकल सर्विस सेंटर का उद्देश्य केवल चिकित्सा सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य, शिक्षा, सेवा और सामाजिक जागरूकता पहुँचाना भी है। स्लम क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा के लिए किया गया यह सहयोग संस्था के इसी सेवा-संकल्प को दर्शाता है। MSC का मानना है कि शिक्षित समाज ही स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र की मजबूत नींव रखता है।
मेडिकल सर्विस सेंटर रोहतक इकाई के सचिव डॉ. सचिन ने कहा, "प्रदीप और प्रीति जैसे युवा यह साबित कर रहे हैं कि समाज बदलने के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि एक संकल्प की आवश्यकता होती है। प्रदीप और प्रीति की हर प्रकार से सहायता करने के साथ ही मेडिकल सर्विस सेंटर ऐसे हर प्रयास के साथ खड़ा है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहा है। हमें विश्वास है कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर एक बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बनेंगे।"