15/08/2026
विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस
हिंदू शिक्षा समिति हरियाणा द्वारा संचालित शिक्षा भारती विद्यालय, जे.पी. कॉलोनी, रोहतक में 15 अगस्त 2026 को देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री कुलदीप हुड्डा जी अपनी सुपुत्री स्नेहा के साथ उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के प्रांत संयोजक श्री सुनील जी, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री वेद प्रकाश सेतिया जी, प्रबंधक श्री पुष्पदीप डागर जी, कोषाध्यक्ष श्री अंकुश जी, श्रीमती बृजबाला जी तथा विद्यालय प्राचार्या श्रीमती आशु साहनी जी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। तत्पश्चात सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रगान गाया। दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। विद्यालय प्राचार्या श्रीमती आशु साहनी जी ने उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का परिचय करवाते हुए उनका स्वागत किया।
विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री वेद प्रकाश सेतिया जी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र की उन्नति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। हमें अपने व्यस्त समय में से कुछ समय राष्ट्र निर्माण एवं समाज सेवा के लिए अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज जो तिरंगा शान से लहरा रहा है, उसके पीछे असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की गाथा है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा स्वतंत्रता को सुरक्षित एवं सशक्त बनाए रखने में शिक्षा और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत समूह गीत, योग नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत की गईं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही और दर्शकों ने तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक श्री पुष्पदीप डागर जी ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय स्टाफ को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
अंत में कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।“
आजादी का जश्न, देश के नाम! 🇮🇳”