07/05/2026
सीडीएलयू के विभिन्न परीक्षा परिणामों में महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने नाम किया रोशन
*7 मई से महाविद्यालय में दाखिलों के लिए आवेदन शुरू
रतिया - शहीद दविन्द्र सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय (जाखन दादी) रतिया ने अल्प अवधि में ही शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करते हुए क्षेत्र की अग्रणी शिक्षण संस्था के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ पवित्र मोहन ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा को सुलभ एवं किफायती भी बना रहा है।
उन्होंने बताया कि लगभग आठ एकड़ में फैला यह महाविद्यालय कला एवं वाणिज्य संकाय के साथ-साथ स्नातकोत्तर स्तर पर हिन्दी विषय की पढ़ाई भी करवा रहा है। महाविद्यालय का परीक्षा परिणाम निरंतर उत्कृष्ट रहा है। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा द्वारा जारी मेरिट सूची में महाविद्यालय की छात्राओं ने समय समय पर उच्च स्थान प्राप्त कर संस्था का गौरव बढ़ाया है। एमए हिन्दी प्रथम वर्ष एंव द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा द्वारा जारी टॉप-टेन मेरिट सूची में स्थान पाया है। वहीं विश्वविद्यालय युवा महोत्सव में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा कोमल-साक्षी ने हिन्दी वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, साक्षी ने कार्टूनिंग विधा में तृतीय स्थान और बीए अंतिम वर्ष की छात्रा एकता रानी ने भाषण प्रतियोगिता अंग्रेज़ी में तृतीय एंव हिन्दी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया एंव खेल में भी छात्रा तनुष्का ने निशानेबाजी विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय कैंप में भाग लेकर महाविद्यालय का मान बढ़ाया है। महाविद्यालय में छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध करवाई गई हैं, जिनमें स्मार्ट क्लासरूम, लेक्चर रिकॉर्डिंग रूम, वातानुकूलित पुस्तकालय (ई-लाइब्रेरी सहित), कंप्यूटर, भूगोल एवं भाषा प्रयोगशालाएँ, सभागार, खेल मैदान, रेडक्रॉस सेल, महिला प्रकोष्ठ एवं कॉमन रूम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की दो इकाइयाँ भी सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।
प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय में अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग प्राप्त है। छात्राओं को प्रेरित करने के लिए समय-समय पर विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों एवं विद्वानों के व्याख्यान एवं कार्यशालाएँ आयोजित की जाती हैं।
हरियाणा सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न छात्रवृत्तियाँ (एससी, बीसी, टॉप-टेन आदि) छात्राओं को उपलब्ध हैं। इसके साथ ही छात्राओं के लिए बस पास की सुविधा पूर्णतः निःशुल्क है तथा आवागमन के लिए हरियाणा रोडवेज बसों की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। महाविद्यालय जन सम्पर्क अधिकारी प्रो सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि प्राचार्य डॉ पवित्र मोहन ने रतिया क्षेत्र के सभी अभिभावकों एवं छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात वे अपनी बेटियों का प्रवेश 07 मई 2026 से आरंभ होने वाली ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से महाविद्यालय में करवाएँ और इसे अपनी प्रथम प्राथमिकता दें। उन्होंने यह भी बताया कि बीए (320 सीट) एवं बीकॉम (80) प्रथम वर्ष की वार्षिक फीस लगभग 4,000 से 5,000 रुपये तथा द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की फीस लगभग 2,000 से 3,000 रुपये है, जो इसे आर्थिक रूप से भी अत्यंत सुलभ बनाती है।
अंत में उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए शहीद दविन्द्र सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, रतिया में प्रवेश दिलवाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखें, जहाँ उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, अनुशासित एवं प्रेरणादायक वातावरण प्राप्त होगा।