14/02/2026
पुलवामा आतंकी हमले के शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
-------------------------------
आज ज्ञान भारती मॉडल रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स, धनवां, हिसुआ (नवादा) में पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक श्री सुधीर कुमार, प्राचार्य श्री गौतम कुमार, प्रबंधक विजय शंकर, उदय शंकर, कुणाल कुमार, समस्त शिक्षकगण, शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन रखकर की गई, जिसमें सभी ने शहीदों की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की। इसके पश्चात विद्यालय के निदेशक श्री सुधीर कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए 14 फरवरी 2019 की उस दर्दनाक घटना का स्मरण किए, जब देश के वीर जवानों पर कायरतापूर्ण आत्मघाती हमला किया गया था। उन्होंने कहा कि वह दिन भारतीय इतिहास का अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक दिन था, जिसने पूरे राष्ट्र को शोक और आक्रोश से भर दिया।
निदेशक महोदय ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, एकता और जिम्मेदारी का संदेश देते हुए कहा कि हमें शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
प्राचार्य श्री गौतम कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि हमारे सैनिक विपरीत परिस्थितियों में भी देश की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उनका सर्वोच्च बलिदान हमें यह सिखाता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है।
सभा में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति का वातावरण व्याप्त रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि शहीदों के त्याग और बलिदान की स्मृति को सदैव जीवित रखा जाएगा।