14/06/2026
*हर्ष विद्या मंदिर पी.जी. कॉलेज, रायसी में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी अभियान*
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार ने आज हर्ष विद्या मंदिर पी.जी. कॉलेज, रायसी में आयोजित स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान में सहभागिता करते हुए एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवियों तथा स्काउट-गाइड कैडेट्स के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण करते हुए उन्होंने युवाओं एवं आमजन से अधिकाधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता और हरित पर्यावरण के माध्यम से ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं लक्सर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार दौलत ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं नागरिकों को स्वच्छता के मूल मंत्र को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने तथा धरती को हरा-भरा बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा परिवर्तन संभव है।
इस अवसर पर खानपुर मंडल अध्यक्ष भगत सिंह, लंढोरा मंडल अध्यक्ष अशोक पांडे, खानपुर मंडल प्रभारी नवनीत वर्मा सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जन-जागरूकता का प्रभावी संदेश देते हुए सभी प्रतिभागियों को प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा प्रदान की।