16/09/2025
"श्रीमती पी. एन. दोशी महाविद्यालय में हिन्दी दिवस पर त्रिदिवसीय रचनात्मक महोत्सव"
"भाषा और सृजनशीलता का संगम बना अभिव्यक्ति 2025"
"पी. एन. दोशी महिला महाविद्यालय में त्रिदिवसीय हिन्दी समारोह सम्पन्न"
मुंबई। श्रीमती पी. एन. दोशी महिला महाविद्यालय के हिन्दी विभाग द्वारा हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में त्रिदिवसीय कार्यक्रम “अभिव्यक्ति 2025” का आयोजन 12, 13 और 15 सितंबर को किया गया। इस अवसर पर विविध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ।
पहला दिन (12 सितंबर)-
कार्यक्रम की शुरुआत सस्वर कविता गायन प्रतियोगिता से हुई, जिसमें छात्रों ने विभिन्न रचनाकारों की कविताओं का भावपूर्ण और प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। प्रतियोगिता का संचालन विभाग की छात्राएँ एकता सूर्यभान एवं प्रगति वर्मा ने किया। निर्णायक मंडल में डॉ. विनोद झाल्टे और हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश दुबे शामिल रहे, जिन्होंने विजेताओं का चयन किया।
दूसरा दिन (13 सितंबर)-
दूसरे दिन रंगोली प्रतियोगिता, स्वरचित काव्य पठन और आशु भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हिन्दी दिवस विषय पर आकर्षक एवं सृजनात्मक रंगोलियाँ प्रस्तुत कीं। कुछ प्रतिभागियों ने समाचार पत्र जैसे वेस्ट मटेरियल का प्रयोग कर नवाचार का परिचय दिया।
स्वरचित काव्य पठन और आशु भाषण प्रतियोगिताओं में छात्रों ने आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ अपने विचार रखे। संचालन विभाग की छात्राएँ प्रतिभा नायक एवं नैंसी गुप्ता ने किया। निर्णायक मंडल में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. सचिन भूम्बे, हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश दुबे तथा प्राध्यापिका ज्योति सिंह शामिल रहीं।
तीसरा दिन एवं समापन (15 सितंबर) -
कार्यक्रम के अंतिम दिवस पर समापन सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ‘हमारा महानगर’ समाचार पत्र के स्थानीय संपादक एवं मुंबई हिन्दी पत्रकार संघ के अध्यक्ष श्री आदित्य राधेश्याम दुबे उपस्थित रहे। उन्होंने अपने वक्तव्य में विश्व में हिन्दी के महत्व, भाषा के बदलते स्वरूप, युवा पीढ़ी की भाषा, भारतीय भाषाओं की विविधता तथा पत्रकारिता की भाषा पर गहन विचार व्यक्त किए।
समारोह की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. आशा मेनन ने की। उपप्राचार्या प्रो. मधुमिता बंधोपाध्याय ने आशीर्वचन दिया तथा विभागाध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश दुबे ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। प्रथम दो दिनों की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विभाग की सहायक प्राध्यापिकाएँ डॉ. कंचन यादव एवं गीतांजलि त्रिपाठी ने किया तथा आभार प्रदर्शन ज्योति सिंह ने किया।
सहभागिताः
समारोह में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।
#हिन्दीसाहित्य #हिन्दी_दिवस #हिन्दी #डॉ_वेदप्रकाशदुबे #हिन्दी_विभाग #हिंदीसाहित्य #हिन्दी_विभाग #हिंदीसाहित्य #हिन्दी_विभाग www.spndoshicollege.com
#हिंदी #हिन्दीसाहित्य #हिंदीसमाचार #विश्वभाषा #राष्ट्रभाषा #राजभाषा #जनभाषा #मातृभाषा #संपर्कभाषा #हिन्दीविभाग