03/04/2026
"जिलास्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम"
"शालेय पत्रिका ‘अक्षर’ का विमोचन"
नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर जिले में बुधवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विधायक मुड़वारा श्री संदीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी ने की। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर एवं राज्य शिक्षा केंद्र से ओआईसी डॉ. विनोद द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ, जिसमें बच्चियों एवं अतिथियों ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक वंदन, माला पहनाकर एवं आरती के माध्यम से आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही सभी छात्रों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया।
अपने उद्बोधन में विधायक श्री जायसवाल ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने का संदेश दिया। वहीं, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती कौर ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत से अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता और सफलता उसी को मिलती है जो निरंतर प्रयास करता है।
कार्यक्रम के दौरान गत सत्र में 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर सांदीपनि विद्यालय की शालेय पत्रिका ‘अक्षर’ का विमोचन भी किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश अग्रहरि, प्राचार्य डायट श्री एम.पी. डुंगडुंग, जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रेमनारायण तिवारी, एपीसी रमसा श्री अभय जैन, शाला प्राचार्य श्री अजय शंकर पांडेय सहित अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।