20/08/2026
देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
लक्ष्मणगढ़ (सीकर)। सीकर मार्ग स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
इस पर्व पर मुख्य अतिथि मोदी विश्व विद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ संजीव कुमार पटवा द्वारा ध्वजारोहण किया गया ।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं समिति के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अशोक कुमार पारीक ने आए हुए सभी अतिथियों का परिचय करवाया।
विद्यालय के भैया-बहिनों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। भैया-बहिनों ने ओजस्वी कविता पाठ, भाषण एवं राष्ट्र-भक्ति से प्रेरित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. संजीव कुमार पटवा ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही कल के भारत का भविष्य हैं, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में उतारना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर भारतीय विद्या मंदिर समिति के नगर व्यवस्थापक पुरुषोत्तम मिश्रा, उपाध्यक्ष जयप्रकाश सरावगी,समिति सदस्य सुरेंद्र कुमार इंदौरिया, भवानी शंकर जाजोदिया ,जिला सचिव सूरजभान सिंह बीजला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में भारतीय विद्या मंदिर समिति के नगर व्यवस्थापक पुरुषोत्तम मिश्रा ने सभी अतिथियों, आचार्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। मंच का सफल संचालन आचार्य अनूप कुमार मिश्रा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बालिका आदर्श विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य विद्याधर शर्मा, श्री प्रभा देवी सोढाणी प्राथमिक आदर्श विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य मुरारीलाल मिश्रा, समस्त आचार्य-आचार्या , भैया-बहिन, कर्मचारीगण एवं अभिभावकगण भी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत मे उपस्थित जनों को मिठाई वितरित की गई।