17/08/2026
वर्दी सेरेमनी 2026 : "अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रसेवा के संकल्प से गूंजा सैनिक स्कूल मंदसौर"
सैनिक स्कूल मंदसौर में नवप्रवेशित कैडेट्स के लिए “वर्दी सेरेमनी 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गार्ड ऑफ ऑनर एवं दीप मंत्र के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री गोविन्द चन्द्र जी महंत, अखिल भारतीय संगठन मंत्री, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री प्रकाशचंद्र जी धनगर, प्रांतीय अध्यक्ष, विद्या भारती मालवा प्रांत ने की ।
कार्यक्रम का मुख्य एवं आकर्षक क्षण “कैप सेरेमनी” रहा। जिस विशेष पल का नवप्रवेशित सैन्य छात्र एवं उनके अभिभावक बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वह क्षण आया तो उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने नवप्रवेशित कैडेट्स को बेरेट पहनाकर उनके सैनिक जीवन की औपचारिक शुरुआत को गौरवपूर्ण बनाया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने सभी नवप्रवेशित कैडेट्स को वर्दी धारण करने एवं राष्ट्ररक्षा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई।
वर्दी सेरेमनी के मुख्य कार्यक्रम में कैडेट्स ने सैनिक स्कूल में प्रवेश से लेकर NDA तक के संभावित सफर को मंच पर अत्यंत रोचक एवं जीवंत ढंग से प्रस्तुत किया। पूरे दिन की सैनिक दिनचर्या, कक्षाएं, पीटी, ड्रिल तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों को प्रस्तुति में शामिल किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में राजस्थानी, पंजाबी एवं गरबा नृत्य ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। इसके साथ ही ग्रुप सॉन्ग एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से मालवा की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रभावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया गया।
मुख्य अतिथि श्री गोविन्द चन्द्र जी महंत ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्या भारती पूरे देश में विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, मातृभक्ति एवं पितृभक्ति का भाव विकसित करना है। उन्होंने “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना के साथ विश्व के कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के कार्यकर्ता अतीत की गौरवशाली परंपराओं को वर्तमान से जोड़ते हुए “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान” के भाव के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कैडेट्स को प्रेरित करते हुए कहा कि सही शिक्षा और संस्कार जीवन में आगे बढ़ने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और सैनिक स्कूल मंदसौर में इन दोनों का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने राष्ट्र प्रथम की भावना को जीवन का आधार बनाने तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया। उन्होंने सैन्य छात्रों में भारत की शक्ति को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प जगाया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री प्रकाशचंद्र जी धनगर ने प्रेरणादायी पंक्तियों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पित जीवन जीने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन की सार्थकता तभी है जब हमारी प्रतिभा और सामर्थ्य समाज एवं राष्ट्र के काम आए। उन्होंने कैडेट्स को नर सेवा को नारायण सेवा मानकर समाजसेवा एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में श्री पंकज जी पंवार, प्रांत प्रमुख मालवा प्रांत; श्री राघवेन्द्र जी देराश्री, विभाग समन्वयक मंदसौर विभाग; डॉ. सरोज प्रसाद दीदी, प्राचार्या सरस्वती विद्या मंदिर सीबीएसई संजीत मार्ग मंदसौर; डॉ. योगिता सोमानी, प्राचार्या सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय मंदसौर; श्री महेश जी वप्ता, प्राचार्य स्टेट बोर्ड विद्यालय तथा श्री प्रवीण मिश्रा, प्रधानाचार्य सरस्वती विद्या मंदिर सीबीएसई संजीत मार्ग मंदसौर, उपप्राचार्य सुश्री लक्ष्मी राठौड़ दीदी, सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य की गरिमामय उपस्थिति रही।