03/03/2025
विद्या भारती के अखिल भारतीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग में तीन विशेष प्रदर्शनियों का उद्घाटन :- भोपाल विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के अखिल भारतीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग के प्रथम दिवस पर तीन विशिष्ट प्रदर्शनियों का उद्घाटन मध्य प्रदेश सरकार के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग द्वारा किया गया। यह आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, शारदा विहार, केरवा डेम मार्ग पर संपन्न हुआ।इस अवसर पर विद्या भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री दूसी रामकृष्ण राव, संगठन मंत्री श्री गोविंद महंत, सह संगठन मंत्री श्री श्रीराम अरावंकर, श्री यतीन्द्र शर्मा, प्रांत संगठन मंत्री श्री निखिलेश माहेश्वरी एवं प्रांत अध्यक्ष श्री मोहनलाल गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
तीन विशेष प्रदर्शनियाँ – संस्कृति, डिजिटल उपलब्धियाँ और शिशु वाटिका
संस्कृति प्रदर्शनी – इसमें मध्य प्रदेश के महापुरुषों एवं ऐतिहासिक स्थलों को दर्शाया गया है, जो राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करता है।
डिजिटल उपलब्धियाँ प्रदर्शनी – यह पूर्णतः डिजिटल माध्यमों पर आधारित है, जिसमें विद्या भारती की विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों को अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
शिशु वाटिका प्रदर्शनी – यह विद्या भारती की शिशु वाटिका प्रणाली पर केंद्रित है, जिसमें शिक्षा के साथ संस्कारों को जोड़ने पर विशेष बल दिया गया है। इस प्रदर्शनी में बारह प्रमुख व्यवस्थाओं को प्रस्तुत किया गया है।
विद्या भारती के कार्यों की सराहना
प्रदर्शनियों के अवलोकन के पश्चात मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने मीडिया से चर्चा करते हुए विद्या भारती के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल शिक्षा प्रदान करने का कार्य नहीं कर रहे, बल्कि वे संस्कार केंद्र के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की कि विद्या भारती का यह अखिल भारतीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएगा।