02/08/2026
महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन का हुआ आयोजन
नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में लगाना ही युवाओं का सच्चा दायित्व है।” श्री नरेंद्र मोदी माननीय प्रधानमंत्री
“नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।” सिंह पाल सिंह
गोरखपुर, 02 अगस्त 2026। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल संबोधन के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री सिंह पाल सिंह, पूर्व प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उपस्थित रहे। माननीय प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल संबोधन से पूर्व मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशामुक्त जीवन की आवश्यकता एवं महत्त्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि युवा वर्ग स्वस्थ, जागरूक, अनुशासित एवं नशामुक्त होगा, तो देश के विकास की गति और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे एवं नशीले पदार्थों से दूर रहने का आग्रह करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है।
श्री सिंह पाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जिन अनेक पदार्थों का उपयोग आज नशे के रूप में किया जा रहा है, उनका प्रयोग प्राचीन समय में मुख्य रूप से औषधीय एवं चिकित्सकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता था। समय के साथ उनके दुरुपयोग ने समाज के समक्ष गंभीर चुनौतियां उत्पन्न कर दी हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे के प्रति सजग रहें, स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
मुख्य अतिथि के प्रेरक संबोधन के उपरांत माननीय प्रधानमंत्री जी का वर्चुअल संबोधन प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एकाग्रता एवं उत्साह के साथ सुना। अपने संबोधन में माननीय प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को देश की अमूल्य शक्ति बताते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार एवं समाज की प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है। इसलिए नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता को व्यापक स्तर पर बढ़ाने तथा युवाओं को इस अभियान से जोड़ने की आवश्यकता है।
माननीय प्रधानमंत्री जी ने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा नशे के विरुद्ध समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अपनी ऊर्जा, प्रतिभा एवं क्षमता का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. धनंजय पांडेय, कार्यक्रम अधिकारी श्री रवि निषाद एवं श्री अनिल कुमार पटेल सुश्री श्रद्धा सिंह प्रवक्ता माइक्रोबायोलॉजी सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य एवं जीवन विज्ञान संकाय के 400 विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
01/08/2026
18/07/2026
13/07/2026
01/07/2026
25/06/2026
20/06/2026
20/06/2026
19/06/2026