31/07/2020
जिले में 31 जुलाई की रात्रि 8 बजे से 5 अगस्त की सुबह 5 बजे तक टोटल लॉक डाउन रहेगा
जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में हुआ सर्वसम्मति से निर्णय
===================
जिले में आगामी त्यौहार ईद, रक्षाबंधन एवं कजलिया को लेकर जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक सांसद द्वय श्री कैलाश सोनी व श्री राव उदय प्रताप सिंह, स्थानीय विधायक श्री जालम सिंह पटैल, गाडरवारा विधायक श्रीमती सुनीता पटैल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संदीप पटैल व कलेक्टर श्री वेद प्रकाश, पुलिस अधीक्षक श्री अजय सिंह, अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार ठाकुर, एएसपी श्री राजेश तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री कमलेश भार्गव की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को सम्पन्न हुई।
कोरोना आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले में 31 जुलाई की रात्रि 8 बजे से 5 अगस्त की सुबह 5 बजे तक टोटल लॉक डाउन किया जाये। साथ ही जिले में कोरोना टेस्टिंग की संख्या को भी बढ़ाया जाने की आवश्यकता है। इसके लिए जिले में आपदा प्रबंधन फंड की राशि से दो ट्रू- नॉट मशीन भी क्रय की जा सकती है। इस मशीन के द्वारा सेंपलिंग जिले में होने से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने में कम समय लगेगा। मशीन संचालन के लिए टेक्नीसियन की आवश्यकता होगी, इसके लिए सीएमएचओ डॉ. खान को बैठक में निर्देशित किया गया कि टेक्नीसियन की संविदा भर्ती की प्रक्रिया भी प्रस्तावित करें।
बैठक में सांसद द्वय द्वारा कहा गया कि आईसीएमआर जबलपुर से प्राप्त होने वाली कोरोना रिपोर्ट में रिजेक्ट होने और निगेटिव आने वाली रिपोर्ट की जानकारी संबंधित बीएमओ के पास उपलब्ध होनी चाहिये। इसके अलावा जिला मुख्यालय पर स्थित रेडक्रास बिल्डिंग का भी इस्तेमाल इस आपदा की घड़ी में किया जाना चाहिये।
बैठक में कलेक्टर श्री वेद प्रकाश द्वारा पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से कोरोना वायरस से निपटने के लिए जिले में की गई तैयारियों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल कोरोना पॉजिटिव की संख्या 165 है, जिसमें से 94 व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं, दो व्यक्ति की मृत्यु हुई है और 69 केस एक्टिव हैं। कोरोना पॉजिटिव मिलने पर संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट घोषित किया जाता है, जहां पूरी सख्ती के साथ आवागमन प्रतिबंधित होता है। इसके अलावा जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन युक्त बेड की पर्याप्त संख्या है। गाडरवारा, गोटेगांव व करेली चिकित्सालय में भी ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था की जा रही है।
बैठक में सभी सदस्यों द्वारा अपील की गई कि त्यौहारों के अवसर पर बेवजह घर से बाहर नहीं निकलें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। आपदा की इस घड़ी में सभी जिलेवासियों से सहयोग की अपील की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष भाजपा श्री अभिलाष मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि जिला पंचायत नरसिंहपुर श्री ठा. राजीव सिंह, विधायक प्रतिनिधि गोटेगांव श्री एड. अरूण गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि नरसिंहपुर- होशंगाबाद श्री नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती वंदना पटैल, सीएमएचओ डॉ. एनयू खान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#डेली_बुलेटिन