14/08/2026
डीएम सर जी का अनोखा अंदाज, छात्राओं के साथ बैठकर खाया खाना, जाना हाल
बाराबंकी। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह सर जी का अलग और सहज अंदाज देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केवल विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा ही नहीं लिया, बल्कि छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया। डीएम सर जी को अपने बीच बैठकर खाना खाते देख छात्राएं भी काफी उत्साहित नजर आईं।
जिलाधिकारी ने भोजन के दौरान छात्राओं से बातचीत कर विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, नियमित दिनचर्या, पढ़ाई, आवासीय व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के बारे में सीधे जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से यह भी पूछा कि विद्यालय में उन्हें किसी तरह की समस्या तो नहीं है। इस दौरान छात्राओं ने भी बेझिझक अपनी बातें जिलाधिकारी के सामने रखीं।
इससे पहले डीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मुजीबपुर तथा उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, देवा का निरीक्षण किया। उन्होंने अकादमिक ब्लॉक, आवासीय परिसर, कक्षाओं और विद्यालय के विभिन्न स्थलों का जायजा लिया। कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से पढ़ाई के संबंध में बातचीत की और स्मार्ट बोर्ड का संचालन भी छात्राओं से स्वयं करवाकर देखा।
छात्राओं के साथ संवाद के दौरान एक छात्रा ने डीएम से आईएएस बनने के लिए मेहनत करने के बारे में सवाल किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए पढ़ाई के साथ जागरूकता और जिज्ञासा जरूरी है। उन्होंने नियमित समाचार पत्र पढ़ने, पुस्तकों का अध्ययन करने और कंप्यूटर के माध्यम से ज्ञान बढ़ाने की सलाह दी। साथ ही सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। राज्य स्तरीय कुरास प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कक्षा सात की छात्रा रागिनी का विशेष रूप से उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा सड़क पर आवश्यकतानुसार इंटरलॉकिंग कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को आवागमन में परेशानी न हो।
डीएम सर जी का छात्राओं के साथ बैठकर भोजन करना और उनसे सीधे संवाद करना निरीक्षण के दौरान चर्चा का विषय रहा। अधिकारियों की औपचारिकता से अलग उनका यह सहज अंदाज छात्राओं को भी खूब पसंद आया।
#बाराबंकी #डीएमकाअनोखाअंदाज #ईशानप्रतापसिंह #डीएमबाराबंकी #कस्तूरबागांधीविद्यालय #छात्राओंकेसाथभोजन #बालिकाशिक्षा #बेटीपढ़ाओ #शिक्षा #छात्राओंसेसंवाद #मेधावीछात्राएं #रागिनी #कुरासप्रतियोगिता #देवा #मुजीबपुर